पांच बीघा खेत में ढाई क्विंटल गेहूं निकलने से गांव परेवावैश्य निवासी 35 वर्षीय भानु प्रताप उर्फ गुड्डू की रात तबीयत बिगड़ गई। घर वाले उन्हें अस्पताल ले जाते, इससे पहले उनकी मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है कि भानुप्रताप की मौत फसल नुकसान के सदमे के कारण दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
गांव परेवावैश्य निवासी रुक्मणी देवी ने बताया कि उसके पति के नाम 10 बीघा जमीन है। जिसमें से पांच बीघा जमीन दूसरे के पास गिरवी पड़ी है। पांच बीघा में गेहूं की फसल बोई हुई थी। सोमवार को पति गेहूं की गहाई कराने गए तो महज ढाई क्विंटल गेहूं निकला, जिससे वह परेशान थे। उधर पति की बहन बरेली निवासी मुन्नीदेवी के लड़के की शादी थी। जहां गुरुवार को भात लेकर भी जाना था।
गेहूं कम पैदा होने व पैसा न होने पर पति ने किसी से उधार पैसे लिए थे। बुधवार की तड़के पति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घर वाले जब तक उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करते, पति ने दम तोड़ दिया। पत्नी का कहना है कि पति की मौत सदमे के कारण हुई है। मृतक के छोटे-छोटे तीन पुत्र व एक पुत्री है। घर के मुखिया की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी रुक्मणी बच्चों की परवरिश को लेकर परेशान है।