बीसलपुर। परिजनों ने 16 वर्षीय किशोर और 17 वर्षीय किशोरी की शादी तय कर दी। शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। निमंत्रण पत्र भी बंट गए। इसी बीच पुलिस को बाल विवाह की भनक लग गई। पुलिस ने गांव पहुंचकर बाल विवाह की तैयारियां रुकवा दीं।
कोतवाली पुलिस को पता चला कि गांव रूरिया में बाल विवाह की तैयारियां हो रही हैं। गांव के किशोर की शादी दूसरे गांव की किशोरी से की जा रही है। यह बाल विवाह आठ जून को होना है। दोनों पक्षों ने अधिकांश तैयारी पूरी कर ली और निमंत्रण पत्र भी बांट दिए हैं। विवाह संबंधित तैयारियां अंतिम दौर में चल रही थीं। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों के घरों में जाकर किसी भी हालत में बाल विवाह न करने के हिदायत दी। विवाह संबंधी तैयारी रुकवा दीं। बाल विवाह करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखवा कर भी ले लिया है। इस बाबत कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि आठ जून को होने वाला बाल विवाह रुकवा दिया गया है।