बीसलपुर के गांव संगमा में मृतक के घर वालों के पास पहुंचे पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा।स्रोत:ग्रामी
बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली के गांव सनगवां में किशोर की हादसे में मौत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर परिजनों ने शव का सोमवार दोपहर तक अंतिम संस्कार नहीं किया। बाद में पूर्व मंत्री के समझाने पर परिजनों वे अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
गांव सनगवां निवासी प्रेमपाल के पुत्र सचिन (16) की 16 नवंबर की देर रात गांव मुड़िया भगवंत के पास हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद रविवार को देर शाम शव घर वालों को सौंप दिया।
घर वालों का कहना है कि सचिन की हत्या की गई है। इस मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज होनी चाहिए। परिजनों ने इसी मांग को लेकर सोमवार को दोपहर तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। इस बीच पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की लेकिन परिजनों ने साफ लफ्जों में कह दिया कि जब तक हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाएगी, तब तक वे लोग शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
मामला संज्ञान में आने के बाद पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा ने मौके पर पहुंंचकर परिजनों को यह कह कर समझाया कि वह इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की पूरी कोशिश करेंगे। इसके बाद पूर्व मंत्री के आश्वासन पर घर वालों ने अंतिम संस्कार करने की हामी भर ली।
दोपहर बाद गमगीन माहौल में पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस बावत सीओ डॉ. प्रतीक दहिया ने बताया कि मामला दुर्घटना का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि भी हुई है।