पूरनपुर। मौनी अमावस्या पर रविवार को शारदा नदी में डूबने वाले दो किशोरों सहित तीन लोगों की मौत के मामले में दो मृतकों के परिजनों के खातों में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेज दी गई। एक मृतक किशोर के परिजन ने शव का पोस्टमाॅर्टम नहीं कराया था। उसके परिजन को भी सहायता की धनराशि दिलाने के लिए पत्राचार किया गया है।
हादसा शारदा नदी के धनारा घाट पर हुआ था। नदी में नहा रहे चार किशोर डूब गए थे। किशोरों को डूबता देख गांव जेठापुर के अवधेश ने नदी में छलांग लगाकर गांव चंदिया हजारा के अमित और एक अन्य किशोर को निकाल लिया था। शेष दो किशोरों को बचाने के लिए दोबारा नदी में घुसे अवधेश की भी डूबने से मौत हो गई थी। सौरभ के परिजन ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था। हजारा थाना पुलिस ने सुमित ढाली और अवधेश के शव का पोस्टमाॅर्टम कराया था। तहसीलदार आशीष गुप्ता ने बताया कि सुमित ढाली और अवधेश के परिजनों के खाते में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के 24 घंटे के अंदर चार-चार लाख रुपये की धनराशि भेज दी गई। उन्होंने बताया कि सौरभ का पोस्टमाॅर्टम उसके परिजन ने नहीं कराया था। उसके परिजन को भी सहायता राशि दिलाने को पत्राचार किया गया है। शीघ्र ही उसके परिजन को भी सहायता राशि दिला दी जाएगी।
-