राजा कप क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन रुद्रपुर के खिलाफ मुकाबले के दौरान शॉट खेलते बल्लेबाज। स
- फोटो : 1
न्यूरिया। राजा कॉलोनी स्थित संजय गांधी क्रिकेट मैदान पर चल रहे राजा कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के चौथे दिन बुधवार को मझोला क्रिकेट और रुद्रपुर क्रिकेट क्लब के बीच चौथा लीग मैच खेला गया। इसमें मझोला क्रिकेट क्लब ने रुद्रपुर को 35 रन से हराकर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
सुबह से ही मैदान पर खिलाड़ियों की तैयारियों और दर्शकों की मौजूदगी से उत्साहपूर्ण माहौल रहा। टॉस जीतकर रुद्रपुर क्रिकेट क्लब के कप्तान जोशी ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मझोला की टीम 14 ओवर में 181 रन बनाए। मझोला की ओर से फुरकान ने 26 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। कार्की ने 29 और सचिन ने 23 रन का योगदान दिया। रुद्रपुर की ओर से प्रदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। कप्तान जोशी को 2 विकेट लेने में सफलता मिली। इसके बाद 182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्रपुर की टीम 15 ओवर में 8 विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी।
रुद्रपुर की ओर से प्रदीप ने सर्वाधिक 29 रन बनाए। मझोला की तरफ से फुरकान ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए फुरकान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इससे पहले मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भतीजे सूरज सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर मनोज राय, पंकज, उपानंद मिस्त्री, पार्थ, चंद्रशेखर, विवेक, प्रशांत, करन मंडल, आलोक, सूरज रहे।