एफसीआई गोदाम में खाद्यान्न का उतार करने गए ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव अपने ही ट्रक के नीचे कुचला मिला। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे घरवालों ने हत्या की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, पुलिस ने पूछताछ के लिए गोदाम के तीन गार्ड हिरासत में ले लिए हैं।
जहानाबाद क्षेत्र के शिवपुरिया गांव के रहने वाले नानकचंद का 35 वर्षीय पुत्र उमाचरन ट्रक चालक था। शुक्रवार को छोटे बेटे संजय के साथ वह माल उतारने बिलसंडा गया था। दस बजे शिवपुरिया स्थित एफसीआई गोदाम पर पहुंचा। यहां से संजय घर निकल गया। शनिवार सुबह उमाचरन का शव अपने ही ट्रक के नीचे पिछले पहिए से कुचला मिला। गोदाम के गार्ड उमाचरन ने इसकी सूचना घरवालों को दी। इस पर घरवाले मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जाहिर की। घरवालों का कहना था कि जिस जगह शव मिला है, वहां कीचड़ है। ऐसे में ट्रक के नीचे सोने की बात ही समझ में नहीं आती। सवाल यह भी है कि उमाचरन ट्रक के नीचे सो रहे थे ट्रक चलाया किसने। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पति की मौत से बदहवास है दीपाली
उमाचरन मेहनत कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहता था। उसके दो बेटे 18 वर्षीय अशोक और 15 वर्षीय संजय भी अक्सर उसके साथ ट्रक पर जाते थे। परिवार का माहौल खुशनुमा था। इस बीच अचानक उमाचरन की संदिग्ध हालात में मौत ने सबको झकझोर दिया है। पत्नी दीपाली बदहवास है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
000
तीन गार्ड हिरासत में, पूछताछ जारी
घरवालों की ओर से हत्या की आशंका जाहिर करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। ट्रक चालक की मौत हादसा है या हत्या, यह जानने के लिए पुलिस ने गोदाम के तीन गार्ड हिरासत में लिए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
घरवालों ने मामले की नामजद तहरीर दी है। इसके आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
- भोला सिंह, एसओ जहानाबाद