पूरनपुर। रेलवे के आमान परिवर्तन पर बृहस्पतिवार को नगर की माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग घंटों बंद हुई। एक बार तो एकत्र हुए लोगों ने हंगामा कर क्रासिंग को खुलवा दिया। मगर कुछ देर बाद फिर क्रॉसिंग बंद कर दी गई। इससे लोग जाम में लोग फंस गए। वाहन चालकों को करीब तीन किलोमीटर अधिक दूरी तक कर शेरपुर रेलवे क्रॉसिंग से आवागमन करना पड़ा।
नगर की दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन करने वालों की भीड़ रहती है। बृहस्पतिवार को रेलवे के चल रहे अमान परिवर्तन के चलते माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग को सुबह आठ बजे बंद कर पटरी को ठीक करने का काम शुरू किया गया। इससे क्रॉसिंग के दोनों ओर जाम लगा। मंडी समिति में सब्जी बिक्री और खरीद को जाने वाले व्यापारियों को भारी असुविधा हुई। युवा व्यापारी नेता विजयपाल विक्की के नेतृत्व में पहुंचे सब्जी विक्रेताओं ने हंगामा कर क्रॉसिंग को सुबह 10 बजे खुलवा दिया। मगर करीब 11:30 बजे फिर क्रॉसिंग को बंद कर दिया गया। इससे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लगी। अधिकतर वाहन सवार करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय कर शेरपुर क्रासिंग से निकले। शाम चार के करीब काम पूरा होने पर क्रॉसिंग खोला गया।