घुंघचाई। पेट्रोल पंप से काम कर लौट रहा युवक तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर को लोगों की मदद से पकड़ लिया। कंटेनर की जद में आने से हाईवे किनारे लगा बिजली का एक खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घुंघचाई थाने की पुलिस चौकी बलरामपुर के गांव जल्लूपुर निवासी गिरजा शंकर पांडेय घुंघचाई-बंडा सीमा पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। बुधवार की देर शाम वह घर जा रहे थे। इसी समय घुंघचाई-बंडा सीमा के पास उनकी बाइक बंडा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ गई।
हादसे में वह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कंटेनर को लेकर पूरनपुर की ओर भागा। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हादसा करने वाले कंटेनर व उसके साथ चल रहे एक अन्य कंटेनर को शहवाजपुर के पास पकड़ लिया।
कंटेनर ने हाईवे पर लगे एक खंभे को भी तोड़ दिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि सड़क हादसा उनके क्षेत्र में नहीं हुआ है। हादसा कर भाग रहे कंटेनर को पकड़ लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।