पूरनपुर। गांव टांडा छत्रपति की शिक्षिका डॉली शर्मा ने स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष पर स्कूल में घुसकर अभद्रता करने, रजिस्टर और सरकारी अभिलेख फाड़ने का आरोप लगाया है। साथ ही स्कूल के पूर्व प्रधानाध्यापक की बहाली न होने तक स्कूल न खोलने, राजनीतिक संरक्षण का हवाला देकर नौकरी न करने देने, एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने की बात भी कही है। शिक्षिका ने घटना की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि जांच हल्का दरोगा को सौंपी गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को शिक्षिका ने स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष पर अभद्रता, धमकाने आदि के आरोप की जानकारी मोबाइल पर दी थी। लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई कराई जाएगी।
कोर्ट से निलंबित प्रधानाध्यापक को नहीं मिली राहत
खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल के प्रधानाध्यापक साजिद हसनी को स्कूल समय में मोबाइल पर लगे रहना, एमडीएम में गडबड़ी, स्कूल में पंजीकृत बच्चों के दूसरे स्कूल में पढ़ने आदि के आरोप पर 26 जून को निलंबित किया गया था। निलंबन के खिलाफ प्रधानाध्यापक ने कोर्ट की शरण ली। मगर कोर्ट से उनको राहत नहीं मिली है।