घटना की जानकारी पर फर्नीचर व्यापारी के घर एकत्र हुए उसके करीबी स्रोत: ग्रामीण
पूरनपुर। सेहरामऊ उत्तरी के गांव रायपुर निवासी फर्नीचर व्यापारी के घर में घुसकर पांच बदमाशों ने लूटपाट की। घटना को अंजाम देते वक्त एक बदमाश व्यापारी के बच्चे की गर्दन पर चाकू लगाए रहा। पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, बदमाश लाखों के जेवरात और 47 हजार रुपये ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। हालांकि, पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
गांव रायपुर निवासी फर्नीचर व्यापारी फखरुल हसन ने बताया कि परिवार मेंं उसके अलावा उसकी पत्नी अरमान जहां, बहन सोन बी व दो साल का पुत्र जियान है। सोमवार रात करीब एक बजे तक परिवार के सभी सदस्य जागते रहे। इसके बाद पुत्र के साथ वह कमरे में और पत्नी व बहन बरामदे में जाकर सो गईं।
फखरुल ने बताया कि कमरे का दरवाजा खुला था। करीब दो बजे के आसपास पांच बदमाश पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस आए। एक बदमाश ने उसके पुत्र के गले पर चाकू रख दिया। बाकी बदमाशों ने उसे रस्सी से बांध दिया। इसके बाद घर की अलमारी से लूटपाट शुरू कर दी।
व्यापारी के अनुसार, चार सोने के हार, दो जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी बुंदा, अंगूठी सहित नौ तोले सोने के जेवरात और 47 हजार रुपये बदमाश लूट ले गए हैं। करीब एक घंटे बाद जब पत्नी जागी तो उसने उन्हें बंधनमुक्त किया। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी गई।
सेहरामऊ उत्तरी थाने के इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच के लिए दरोगा को भेजा गया है। फर्नीचर व्यापारी पर कई लोगों के कर्जदार होने की जानकारी मिली है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पता चला है कि सोमवार को उसका साला अपने जेवरात उसके घर पर रखकर मजदूरी करने बाहर गया था। रात एक बजे के बाद तक घरवालों के जागते रहने की जानकारी भी मिली है। जांच के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।
घटना की जानकारी पर फर्नीचर व्यापारी के घर एकत्र हुए उसके करीबी स्रोत: ग्रामीण