कलीनगर। परिवार से नाराज होने के बाद नहर में कूदे युवक का दूसरे दिन बुधवार को पुल से चार सौ मीटर आगे शव उतराता मिला। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया।
माधोटांडा कस्बा निवासी राज मौर्य (28) पुत्र भूकन लाल ने मंगलवार सुबह नौ बजे खारजा नहर के पुल पर पहुंचकर नहर में छलांग लगा दी थी। युवक को नहर में कूदता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की थी, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।
पुलिस की जांच में युवक के मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई थी। सोमवार को किसी बात को लेकर माता-पिता और पत्नी से हुए विवाद से नाराज होकर युवक के नहर में कूदने की बात सामने आई थी। इधर बुधवार सुबह युवक की दोबारा तलाश शुरू की गई। इसपर पुल से चार सौ मीटर आगे युवक का नहर में शव उतराता मिला।
जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की 10 साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं।