पूरनपुर। शादी समारोह में डीजे पर हुए विवाद में फायरिंग के दौरान युवक को गोली मारने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से तमंचा भी बरामद किया है।
घटना बुधवार रात करीब 10 बजे गांव रामपुर ताल्लुके महाराजपुर की है, जहां रामनाथ की पुत्री का शादी समारोह चल रहा था। डीजे पर बराती और घराती डांस कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ला कायस्थान निवासी रजत ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी।फायरिंग के दौरान गांव सुआबोझ निवासी जगतवीर के गले के नीचे गोली लग गई, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अचानक हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और कई लोग वहां से हट गए। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल जगतवीर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ऑपरेशन कर उसकी पीठ के पास फंसी गोली को बाहर निकाला गया था। मामले में घायल के भाई राकेश कुमार की तहरीर पर आरोपी रजत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से तमंचा भी बरामद हुआ है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।