बिलसंडा। दहेज के लिए विवाहिता का उत्पीड़न करने के आरोप में राष्ट्रीय महिला आयोग के आदेश पर पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव मरौरी खास निवासी मुख्तयार ने राष्ट्रीय महिला आयोग को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि उसने अपनी बेटी गुरमीत कौर की शादी आठ वर्ष पूर्व जिला शाहजहांपुर के थाना खुदागंज के मोहल्ला दीपनगर निवासी गुरुमीत सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ही दामाद व उसकी मां रंजीत कौर व भाई रक्षपाल सिंह, बहन संदीप कौर व पिता सुखविंदर सिंह दहेज में पांच लाख रुपये, बुलेट बाइक की मांग करने लगे।
देने में असमर्थता जताई तो बेटी की पिटाई की। इससे बेटी के पेट में पल रहे शिशु की मृत्यु हो गई। बेटी को प्रताड़ना से बचाने के लिए कर्ज लेकर बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये उसकी ससुराल वालों को दिए। कुछ दिन बाद उक्त बेटी के साथ फिर से मारपीट करने लगे। बीती फरवरी में दामाद बेटी को मायके छोड़ गया।
धमकी दी कि दोबारा कभी इसको घर पर लाए तो परिवार को जान से मार दिया जाएगा। एसओ सिद्धांत शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग के आदेश पर 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट एसपी के निर्देश पर दर्ज
बीसलपुर। गांव अमृता खास निवासी बेनीराम की पुत्री पार्वती ने बताया कि नौ जून 2022 को उनका विवाह कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी अमरपाल से हुआ था। अपाचे बाइक और 50 हजार की नकदी न मिलने से नाराज ससुराल वाले उत्पीड़न करने लगे। इस बीच कई बार समझौते के प्रयास हुए। पिछले साल 15 जनवरी को उसे पीटकर घर से निकाल दिया।
कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तब उसने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट में पीड़िता के पति अमरपाल, जेठ राकेश कुमार, ननद शिवानी, देवर जसवीर, सास चमेली देवी और ससुर हरप्रसाद को नामजद किया गया है। संवाद