बीसलपुर पीलीभीत मार्ग पर शेरगंज हाल्ट के सामने क्षतिग्रस्त टैम्पो स्रोत ग्रामीण
बरखेड़ा। बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर शनिवार सुबह स्कूल जा रहे छात्रों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पांच बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों के मुताबिक, एआरटीओ की गाड़ी को देखकर चालक ने टेंपो तेजी से भगाना शुरू कर दिया था, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
कस्बा निवासी बंटी शर्मा ने थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि उनका 14 वर्षीय पुत्र हिमालय एसआरएम इंटर कॉलेज बीसलपुर में कक्षा नौ का छात्र है। शनिवार सुबह करीब सात बजे वह टेंपो में बैठकर कॉलेज जा रहा था। रास्ते में एआरटीओ की गाड़ी को देखकर टेंपो चालक ने वाहन को तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। यह देख हिमालय व अन्य छात्र घबराकर चिल्लाने लगे। इसी दौरान बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर शेरगंज हाॅल्ट को जाने वाले रास्ते के सामने टेंपो बेकाबू होकर पलट गया, जिससे हिमालय उसके नीचे दब गया।
हादसा देख मौके राहगीरों व टेंपो में सवार अन्य ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए छात्र को टेंपो के नीचे से बाहर निकाला और एंबुलेंस व डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टर के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में टेंपो में सवार अन्य छात्रों को भी चोटें आई हैं। इनमें अमन (17 वर्ष) कक्षा 12 ज्योरहा कल्यानपुर और सौम्या (16 वर्ष) कक्षा 12 कस्बा बरखेड़ा की छात्रा, जो कि सरस्वती विद्या मंदिर बीसलपुर में पढ़ती है, भी शामिल हैं। दोनों को हल्की चोटें आई हैं। वहीं, टेंपो में सवार दो अन्य छात्रों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि टेंपो चालक की तलाश की जा रही है। संवाद
-
बरखेड़ा क्षेत्र में शनिवार को स्कूली वाहनों की चेकिंग की गई थी। हादसे को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। - सुशील कुमार, एआरटीओ