पीलीभीत। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद परिषदीय शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य किए जाने का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिलेभर से सैकड़ों शिक्षक बीएसए कार्यालय पर जुटे और धरना-प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने डीएम के प्रतिनिधि के तौर पर सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर को ज्ञापन सौंपते हुए टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष दयाशंकर गंगवार ने कहा कि टीईटी अनिवार्यता 29 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर लागू नहीं होनी चाहिए। यह व्यवस्था शिक्षकों में हीन भावना पैदा करती है, जबकि नियुक्ति के समय सभी योग्यताएं पूरी की गई थीं। जिला मंत्री उमेश गंगवार ने कहा कि यह फैसला पहले से कार्यरत शिक्षकों के साथ कुठाराघात है। इस दौरान बाबूराम सूर्य प्रकाश, उमेश मिश्रा, सत्येंद्र गंगवार, लक्ष्मीकांत शर्मा ने भी विचार रखे। इस अवसर पर अंकित भारती, भूमित्र गंगवार, संजय कुमार गंगवार, मुकेश गंगवार, प्रफुल्ल दीक्षित, अर्चना रस्तोगी, सुशीला देवी, मनोज कुमार, चंद्रशेखर आजाद, अजय कुमार सहित रहे।
-
अन्य संगठन ने भी सौंपा ज्ञापन
आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपदीय शाखा की ओर से भी टीईटी के संबंध में सदर तहसील पहुंचकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह राठौर, जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल वर्मा, जिला महामंत्री विनय कुमार पांडेय, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कटियार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदनलाल गंगवार आदि मौजूद रहे।