पीलीभीत। स्काउट-गाइड शिविर में शनिवार को कठिन परिस्थितियों में तंबुओं में जीवन-यापन के गुर सिखाए गए। इस दौरान प्रतिभागियों ने बिना बर्तनों और गैस के खाना बनाने का प्रदर्शन भी किया।
शहर के राजकीय ड्रमंड इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर और रैली का आयोजन किया गया था। शनिवार को समापन अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। तंबुओं का निर्माण करने के साथ बिना बर्तनों के भोजन बनाने की कला का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा बाढ़ग्रस्त इलाके में बचाव के लिए टॉवर बनाने का प्रदर्शन किया गया।
इसके अलावा विभिन्न झांकियां भी लगाई गईं। रैली के समापन के मौके पर मुख्य अतिथि डीएम संजय कुमार सिंह के अलावा जिला मुख्यायुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने तंबुओं का निरीक्षण करने के साथ झांकियों को देखा। स्काउट गाइड के बनाए गए पकवानों का भी आनंद लिया।
रैली का संचालन जिला संगठन आयुक्त स्काउट अभिषेक पांडे, जिला संगठन आयुक्त गाइड शालिनी पांडे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त सचिन सक्सेना ने किया। इस मौके पर संगठन आयुक्त गाइड बरेली मंडल नेहा कटियार, रैली संयोजक संतोष कुमार, सह रैली संयोजक सुमन देवी, अजय चौहान, जिला आयुक्त स्काउट वयस्क संसाधन डॉ महेश बाबू, जिला आयुक्त गाइड वयस्क संसाधन अनीता सिंह मौजूद रहे।
000
रैली में इन स्कूलों के प्रतिभागी रहे सफल, मंडल में करेंगे प्रतिभाग
रैली में गुरुनानक इंटर काॅलेज पुरनपुर, नगर माध्यमिक जूनियर जनता टेक्निकल इंटर काॅलेज बीसलपुर, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल पीलीभीत, पब्लिक इंटर काॅलेज पुरनपुर, डोरी लाल भीमसेन पीलीभीत, कंपोजिट विद्यालय कैच, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पीलीभीत, आर्य कन्या इंटर काॅलेज पीलीभीत, राजकीय इंटर काॅलेज गभिया सहराई, नेहरू इंटर काॅलेज मझोला, कस्तूरबा गांधी पीलीभीत की टीम सफल रहीं। यह टीमें अब मंडल में स्तर पर प्रतिभाग करेंगी।