शहर के एक मोहल्ला में रहने वाले 35 वर्षीय शिक्षक उत्तराखंड के खटीमा में तैनात हैं। पिछले कुछ दिनों से बीमार होने पर उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर अपना चेकअप कराया जिसपर चिकित्सकों को स्वाइन फ्लू का शक हुआ। चिकित्सकों ने सीएमएस डॉ. आरसी शर्मा से वार्ता के बाद शिक्षक को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया साथ ही स्वाइन फ्लू की पुष्टि के लिए थूक का नमूना लेकर जांच के लिए लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई भेजा गया है। देरशाम शिक्षक छुट्टी कराकर घर चला गया। जिले में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया।
एलर्ट के बाद भी अस्पताल में नहीं व्यवस्थाएं
पूरे देश में फैल चुके स्वाइन फ्लू को लेकर एलर्ट घोषित है इसके बाद भी जिला अस्पताल में इसके इलाज एवं बचाव की सुविधाएं नहीं है। नाममात्र को एक आइसोलेशन वार्ड बना दिया गया है। जिसमें स्वाइन फ्लू की मात्र पांच किट ही मौजूद हैं।
शिक्षक की जांच के बाद आशंका होने पर नमूना लेकर जांच को भेजा गया है, रिपोर्ट पॉजीटिव आने की उम्मीद बहुत कम है। देरशाम शिक्षक स्वयं छुट्टी कराकर घर चला गया। जिला अस्पताल में पांच किट और प्राप्त हो गई हैं। मरीजों पर बराबर नजर रखी जा रही है।
डॉ. आरसी शर्मा, सीएमएस, जिला अस्पताल