पूरनपुर। ससुराल गए गांव सबलपुर निवासी सुरजीत की इलाज के दौरान मंगलवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। भाई विवेक ने पुलिस को दी तहरीर में सुरजीत के ससुरालियों पर पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सबलपुर निवासी बालकराम के पुत्र सुरजीत की थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव श्रीनगर में ससुराल है। सुरजीत के भाई विवेक ने बताया कि सुरजीत की शादी 17 जून 2021 को हुई थी। भाई अपनी पत्नी को विदा कराने को पखवड़ा भर पहले ससुराल गया था। मगर उसकी पत्नी ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। दोबारा उसका भाई 25 अप्रैल को ससुराल विदा कराने गया था। आरोप है कि पत्नी की विदा को लेकर भाई का ससुरालियों से विवाद हो गया। इस पर ससुरालियों ने उसकी जमकर पिटाई कर हत्या कर दी। मंगलवार को सुरजीत के परिजन उसे गंभीर हालत में लेकर पूरनपुर के एक प्राइवेट चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे।
चिकित्सक ने सुरजीत को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने सुरजीत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि घटना स्थल सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की है। सुरजीत की हालत खराब होने पर उसके ससुरालियों की ओर से उसे जोगराजपुर में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने की सूचना पर पहुंचे उसके परिजन उसे पूरनपुर लाए। विवेक की सूचना पर सुरजीत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। उधर, विवेक ने घटना की तहरीर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस को देकर भाई के ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।