पीलीभीत/गजरौला। फावड़े से वार कर पत्नी की हत्या करने वाले हत्यारोपी पति को पुलिस ने गांव बाहर खेत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पति ने पूछताछ में हत्या की वजह पत्नी के चरित्र पर शक होना बताई।
थाना गजरौला के ग्राम ढेरम मडरिया निवासी झांझन लाल ने रविवार को तड़के करीब चार बजे अपनी पत्नी आशा (35) पर फावड़े से हमला कर दिया था। मायके वाले आशा को इलाज के लिए बरेली के निजी अस्पताल ले जा रहे थे रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बताते हैं कि आरोपी पति ने मां को बचाने पहुंचे पुत्र दीपक पर भी फावड़े से हमला करने की कोशिश की थी। हत्या के बाद आरोपी पति फावड़ा और मोबाइल फोन लेकर भाग गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के मायके वालों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतका के पिता चिरौंजीलाल ने बताया था कि झांझनलाल ने 26 नवंबर 2023 को भी आशा देवी पर फावड़े से हमला किया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गांव के समीप एक गन्ने के खेत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और मोबाइल भी बरामद किया गया है।
-
आरोपी ने कहा-पत्नी के चरित्र पर था शक
पुलिस की पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसको लगता था कि पत्नी खाने में विषाक्त पदार्थ देकर हत्या कर देगी। घटना वाली रात भी उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इसी के चलते उसने पत्नी की फावड़ा मारकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष रूपा विष्ट ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है।