बीसलपुर। आंधी में ध्वस्त हुई विद्युत व्यवस्था नगरीय क्षेत्र में तो सुचारु हो गई है, लेकिन तहसील क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों में दो दिनों से ठप पड़ी हुई है। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को दिक्कतें हो रहीं हैं। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति न मिलने से 75 हजार से अधिक लोग परेशान हैं, साथ ही घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।
आंधी में तहसील के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। बिजली के दर्जनों खंभे व लाइनें टूट गईं। बिजली निगम के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर शुक्रवार की शाम तक तहसील क्षेत्र के नगरीय इलाकों में तो विद्युत व्यवस्था सुचारु कर दी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था अभी तक सही नहीं हो पाई है।
इस वजह से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आजकल भीषण गर्मी में काफी ज्यादा दिक्कत हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली के सहारे चलने वाले लघु उद्योग भी ठप पड़े हैं। गांव के लोगों को मोबाइल फोन चार्ज करने में भी दिक्कत हो रही है। जिन लोगों के घरों में इनवर्टर लगे हैं, वह सब डाउन हो चुके हैं। अब विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सही करने के लिए वहां पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत कर्मचारियों के अलावा नगर क्षेत्र के विद्युत कर्मचारियों को भी लगा दिया है।
इस बाबत अधिशासी अभियंता विकास शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सही करने में कर्मचारी लगाए गए हैं। रविवार की सुबह तक सभी गांवों की बिजली आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।