- प्रधान के घर पर आया था हिस्ट्रीशीटर, एएसपी मौके पर पहुंचे
- हमला करने के बाद प्रधान और साथी मौके से हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/बरखेड़ा। बरखेड़ा के गांव कटकवारा में डीजे बजाने के विवाद में पथराव और फायरिंग हुई। गोली प्रधान के घर रिश्तेदारी में आए हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी। छह अन्य लोग भी घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। विवाद की सूचना पर एएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने एक पक्ष की ओर से प्रधान व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव कटकवारा निवासी तोतरपाल ने बताया कि मौजूदा प्रधान अमित कुमार उर्फ मन्नू अपने साथियों के साथ डीजे और ढोल के साथ उनकी बैठक के सामने से निकल रहे थे। इस पर उन्होंने साउंड की आवाज कम करने के लिए कहा। इस बात से नाराज होकर गांव के पूरनलाल, सूरजपाल, गणेश और थाना बीसलपुर के मोहल्ला पटेल नगर निवासी हिस्ट्रीशीटर विमल ने पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में उनके पुत्र प्रदीप, कुलदीप, संदीप व गांव के सत्यपाल को चोट आई। डीजे पर नाच रहे गांव के दो अन्य लड़के अंकित व सुमित भी घायल हो गए। मामले की सूचना बरखेड़ा पुलिस को दी गई। जानकारी लगते ही हमलावर अपने साथियों के साथ गांव से भाग गए। आरोप है कि झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए हिस्ट्रीशीटर के पैर पर गोली भी मारी गई।
बताया जा रहा है कि गोली लगने से घायल विमल का आपराधिक इतिहास है। विमल पर बीसलपुर, बरखेड़ा समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। घायल हिस्ट्रीशीटर को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वह मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंचा।
तोतरपाल की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान अमित कुमार उर्फ मन्नू, पूरनलाल, सूरजपाल, गणेश और विमल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अरविंंद चौहान ने बताया कि गोली चलने की बात सही है। गोली किसने चलाई इसकी जांच की जा रही है। गोली से घायल युवक को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया था लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। पुलिस पता लगा रही है कि उसका कहां इलाज चल रहा है।