पीलीभीत। कहासुनी के बाद पकड़िया क्षेत्र में दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी एक पक्ष के राजू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 15 अक्तूबर को रात साढ़े आठ बजे वह ठेले पर चेन बांध रहा था। आरोप है कि क्षेत्र के रामचंद्र, तिलकराम, होरीलाल और धर्मेंद्र वहां पहुंच गए और ठेला हटाने को लेकर कहासुनी करने लगे। इसके बाद गाली गलौज कर मारपीट की। बचाव करने पहुंची मां पार्वती देवी और भाई देवदत्त पहुंचे तो उन्हें भी पीट दिया।
इधर दूसरे पक्ष के रामचंद्र ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि घर की ओर जाते समय रास्ते में राजू, परशुराम, देवदत्त, पार्वती देवी ने उसे घेरकर लिया और लाठी डंडों से मारपीट की। जिससे सिर पर गहरी चोटें आईं। पुलिस ने क्राॅस रिपोर्ट दर्ज कर ली है।