पीलीभीत। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन पंजीकरण में बरेली मंडल के चार जिलों में से सिर्फ पीलीभीत ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए ए ग्रेड (ग्रीन जोन) हासिल किया है। वहीं बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर की स्थिति बेहद खराब पाई गई है। इस पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए हैं।
जारी रिपोर्ट के अनुसार पीलीभीत में 78.92 फीसदी विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ है। इससे जिले को ग्रीन जोन में रखा गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में पंजीकरण की स्थिति भी पीलीभीत से कम है। वहीं मंडल में बरेली में सिर्फ 17.68 प्रतिशत, बदायूं में 13.64 प्रतिशत और शाहजहांपुर में 37.12 प्रतिशत विद्यार्थियों का ही पंजीकरण हो सका है। इन तीनों जिलों को रेड जोन में शामिल किया गया है।
यह आंकड़े 31 जुलाई से 21 सितंबर 2025 तक की अवधि के हैं। महानिदेशक ने निर्देश जारी किए हैं कि प्रत्येक विकासखंड व नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी एक सप्ताह के भीतर अपने सभी विद्यालयों का पंजीकरण पोर्टल https://sspup.in पर सुनिश्चित करें और रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को उपलब्ध कराएं। बीएसए अमित कुमार की ओर से स्थिति शेष पंजीकरण कराने को लेकर खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कहा गया है कि पंजीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी, ताकि आगामी खेलकूद कार्यक्रमों में सभी विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।