पूरनपुर। संदिग्ध आइलेट सेंटर संचालकों की शुरू हुई जांच में एसओजी को भी लगाया गया है। बृहस्पतिवार को एसओजी ने आइलेट सेंटर संचालकों से कोतवाली में पूछताछ की। जांच में पुलिस आइलेट सेंटरों से विदेशों में भेजे गए और भेजे जाने वाले युवकों आदि की जानकारी कर रही है।
नगर में जिले भर से अधिक आइलेट सेंटर चल रहे हैं। संख्या 30 से अधिक बताई जा रही है। विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने की सर्वाधिक घटनाएं भी पूरनपुर क्षेत्र में होती हैं। कई आइलेट संचालकों पर विदेश भेजने का झांसा देकर फर्जी वीजा थमाने, दूसरे देश वर्क वीजा की जगह टूरिस्ट वीजा थमा कर लाखों रुपये की ठगी, रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने, डंकी रूट से अमेरिका भेजने के आरोप लग चुके हैं।
कुछ मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज की। दिसंबर महीने में तीन आतंकवादियों के मुठभेड़ में मारे जाने की घटना पर विदेश भेजने वाले मामलों को लेकर पुलिस ने कुछ आइलेट सेंटर संचालकों से पूछताछ की थी।
डंकी रूट से अमेरिका भेजे गए गांव बंजरिया के गुरप्रीत सिंह के वापस आने के बाद पुलिस ने उससे भी आइलेट सेंटर की जानकारी ली थी। तमाम मामलों के बाद पुलिस ने संदिग्ध आइलेट सेंटर संचालकों की जांच शुरू की है।
एक दिन पहले एएसपी विक्रम दहिया ने कोतवाली पहुंचकर संदिग्ध आइलेट सेंटर संचालकों को कोतवाली बुलवाकर पूछताछ की थी। जांच को लेकर आइलेट सेंटर संचालकों में खलबली मची हुई है। बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंची एसओजी की टीम ने संदिग्ध आइलेट सेंटर संचालकों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की। कुछ आइलेट सेंटरों के लैपटॉप भी पुलिस ने कब्जे में लिए है।
ताकि सेंटरों से विदेश भेजे गए और भेजे जाने वाले युवकों की जानकारी की जा सके।