बारिश के बीच कुश्ती में डटे रहे पहलवान, रोमांचक पलों के बीच दर्शकों ने बढ़ाया उत्साह
न्यूरिया। पंडरी गांव में वर्षों से लगते आ रहे प्रसिद्ध तीन दिवसीय जन्माष्टमी मेले का रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से समापन हो गया। शनिवार को आयोजित दंगल मेले का मुख्य आकर्षण रहा। बारिश के बावजूद कुश्ती देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के गांवों से पहुंचे दर्शक अखाड़े के चारों ओर डटे रहे। अखाड़े में सोबरन पहलवान का जलवा रहा। उन्होंने शहवान को चित करके इनामी कुश्ती जीत ली।
दोपहर करीब दो बजे मेला परिसर में दंगल शुरू हुआ। अखाड़े में कुल 17 कुश्तियां हुईं। अलग-अलग स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए दांव-पेच आजमाए। कई मुकाबले काफी देर तक चले और दर्शकों को रोमांचित करते रहे। दंगल के दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन इससे पहलवानों का जोश और दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी पहलवान अखाड़े में डटे रहे, जबकि दर्शक तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाते रहे।
सबसे रोमांचक इनामी कुश्ती मझोला के पहलवान सोबरन सिंह और गुलड़िया के शहवान खान के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने शुरुआत से ही एक-दूसरे पर बढ़त बनाने के लिए कई शानदार दांव-पेच आजमाए। काफी देर तक चले मुकाबले में दोनों ने दमखम दिखाया। आखिरकार सोबरन सिंह ने मौका पाकर शानदार दांव लगाया और शहवान को चित कर दिया। सोबरन के विजयी होते ही अखाड़ा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विजेता पहलवान को इनामी राशि देकर सम्मानित किया गया।
इन पहलवानों ने भी खींचा लोगों का ध्यान
सत्यपाल मैदना और गुड्डू काशीपुर के बीच भी जोरदार मुकाबला हुआ। रिंकू पीलीभीत, लल्ला पहलवान कासगंज और देवा पहलवान मुरादाबाद समेत कई पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया। रामपाल, अशोक और अय्याज बली ने रेफरी की भूमिका निभाई। मेला कमेटी अध्यक्ष ठाकुर विशाल ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में ठाकुर राकेश सिंह, ठाकुर निर्वान सिंह, कमल कश्यप, आकाश कुमार आदि का सहयोग रहा।