पीलीभीत। शहर के गांधी स्टेडियम में मंगलवार को माध्यमिक विद्यालयी जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बालिका वर्ग में एसएन इंटर कॉलेज की टीम व बालक वर्ग में चिरौंजीलाल वीरेंद्रलाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम ने जीत हासिल की।
इस प्रतियोगिता में 15 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार व जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह ने टीमों का परिचय प्राप्त किया। डीआईओएस ने कहा, हार-जीत अपनी जगह है। प्रतिभाग करना जरूरी है। उद्घाटन मैच बालिका वर्ग में जीजीआईसी पीलीभीत और वीरांगना अवंतीबाई कन्या इंटर कॉलेज के बीच हुआ। जीजीआईसी की टीम 2/1 विजयी रही। इसके बाद एसएन इंटर कॉलेज और जीजीआईसी पीलीभीत की टीमों के बीच खिताबी मुकाबला हुआ। इसमें एसएन इंटर कॉलेज ने जीजीआईसी को 1/0 से पराजित किया।
बालक वर्ग का पहला सेमीफाइनल एसएन इंटर कॉलेज और जूनियर हाईस्कूल दियोरी के बीच हुआ। इसमें एसएन इंटर कॉलेज ने 1/0 से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।वहीं, दूसरा सेमीफाइनल चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के बीच हुआ। इसमें चिरौंजीलाल की टीम 2/1 से विजेता रही। इसके बाद एसएन इंटर कॉलेज और चिरौंजीलाल वीरेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर के बीच हुए खिताबी मुकाबले में चिरौंजीलाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम ने 2/0 से जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में अंगूरी देवी बालिका इंटर कॉलेज, डीएस इंटर कॉलेज मुड़िया रतनपुरी, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बीसलपुर, नगर पीलीभीत, बरखेड़ा, मरौरी आदि की टीमों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, यासीन अहमद खां, जयप्रकाश, प्रिया गुप्ता, विजय लक्ष्मी, प्रमोद कुमार आदि का सहयोग रहा।
पीलीभीत में होगी हॉकी की मंडलीय प्रतियोगिता
जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि इस बार मंडल स्तर की हॉकी प्रतियोगिता कराने की जिम्मेदारी पीलीभीत को मिली है। प्रतियोगिता दो सितंबर को होगी।