25 से 30 बच्चों के एक साथ खेलने की रहेगी व्यवस्था
पीलीभीत। स्केटिंग खेल से जुड़ी प्रतिभाओं के खेल में निखार के लिए अब शहर के गांधी स्टेडियम में स्केटिंग रिंग बनाया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर खेल कार्यालय की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
शहर के एक निजी कॉलेज में रविवार को पहली जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें कई स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बच्चों की प्रतिभा देख उनकी सराहना की थी। साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह को गांधी स्टेडियम में स्केटिंग रिंग बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा था। डीएम ने जल्द प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया था।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर स्केटिंग रिंग का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। स्टेडियम की स्केटिंग रिंग में एक साथ 25 से 30 बच्चे स्केटिंग कर सकेंगे। स्केटिंग रोल की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने बताया कि एक- दो दिन में प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेज दिया जाएगा। स्वीकृति मिलते ही रिंग का निर्माण कराया जाएगा। संवाद