पूरनपुर। घर के बाहर बंधे गोवंश की हत्या करने के मामले में पुलिस ने खुलासा कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से गोवंश हत्या के उपकरण बरामद किए गए। वहीं, एक आरोपी फरार है।
सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव हरीपुर ताल्लुकेे चांदपुर निवासी सर्वेश पांडेय के घर के बाहर बंधा गोवंश सोमवार रात चोरी हो गया था। आहट सुनकर सर्वेश की आंख खुली तो अपने भाई आदेश को लेकर रात में ही गोवंश की तलाश में गांव के बाहर निकल पड़ा। गांव धनेगा और मंगदपुर के समीप आरोपी उसके गोवंश को खेतों की ओर ले जाते नजर आए। दोनों भाइयों ने गांव आकर सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीण धनेगा और मंगदपुर के बीच खेतों में पहुंचे। शोर-शराबा पर गोवंश की हत्या कर रहे आरोपी भाग गए थे।
खेत में गोवंश का मांस और अवशेष मिले। भारतीय बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर रोष व्यक्त किया था। पुलिस ने सर्वेश की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस ने गोवंश की हत्या पर धर पकड़ अभियान चलाकर गांव हरीपुर कलां निवासी बिलाल खां, गांव धनेगा निवासी जमील खां, गांव केसरपुर निवासी जकील खां, हसमुल्ला खां, थाना न्यूरिया के गांव गोहर निवासी रफीक को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। सेहरामऊ उत्तरी इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि गांव मोहराई निवासी छोटा के साथ मिलकर आरोपी बैल खरीदने के बहाने सर्वेश के गोवंश को दिन में देखकर आए थे। रात में गोवंश को चोरी कर हत्या कर दी। बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से रस्सी, गोवंश के गले में बंधी घंटी, छुरी आदि सामान बरामद किया गया। पांचों आरोपियों का चालान कर दिया गया। छठे आरोपी की तलाश की जा रही है।