फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सराफा बाजार में चांदी और बर्तन बाजार में स्टील के बर्तनों की रही धूम

विज्ञापन
धनतेरस के उपलक्ष्य में सजाया गया शहर का बाजार। - फोटो : PILIBHIT
विज्ञापन
पीलीभीत। धनतेरस पर बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की चहलपहल शुरू हो गई। दिन में तीन बजे तक बाजार में दुकानों पर सामान्य स्थिति रही। शाम होते ही ग्राहकों की भीड़ बाजार में बढ़ने लगी। इसके बाद बाजार में जमकर धनवर्षा हुई।
विज्ञापन

मंगलवार को पूरे दिन नजारा कुछ ऐसा रहा कि मानो पूरे शहर में मेला लगा हो। बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, सराफा की दुकानों पर खासी भीड़ रही। त्योहार पर मिल रहे ऑफर की वजह से खरीदारों ने भी जमकर खरीदारी की। लोगों ने चम्मच से लेकर बाइक और कारें खरीदी। शाम होते ही बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठे। भारी भीड़ के चलते कई बार जाम की स्थिति बन गई। जाम से निपटने को चौराहों पर बैरीकेडिंग की गई, इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं कारोबारियों के चेहरों पर रौनक दिखाई दी। करीब पचास करोड़ से ऊपर का जिले में व्यापार होने का अनुमान था।
स्टील के बर्तनों की रही धूम
धनतेरस पर अगर कहीं सबसे ज्यादा भीड़ दिखी तो वह बर्तन बाजार में थी। जेपी रोड, लोहा मंडी रोड और स्टेशन रोड पर तो दुकानों के अंदर और बाहर ग्राहकों का दिन भर तांता लगा रहा। दुकानों पर सर्वाधिक स्टील के बर्तनों की लोगों ने खरीदारी की। बर्तन व्यापारी अतुल महातिया ने बताया कि इस बार धनतेरस पर स्टील के बर्तनों में खूब बिक्री हुई है। हालांकि पीतल के बर्तन नाम मात्र के ही लोगों ने खरीदी। जिले में छह करोड़ से अधिक का बर्तन कारोबार हुआ है। डिजायनर किचेन सेट के अलावा बड़े साइज के कुकर, गैस चूल्हों आदि की जमकर बिक्री हुई।
विज्ञापन

चांदी के लक्ष्मी-गणेश और बर्तनों को खूब हुई बिक्री
धनतेरस पर सराफा बाजार में दोपहर बाद ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। मंगलवार को शहर के 200 से अधिक प्रतिष्ठानों पर जमकर खरीदारी की। शाम पांच बजे के बाद भीड़ और बढ़ गई। व्यापारी शैली अग्रवाल ने बताया कि इस बार ग्राहकों में चांदी के बर्तन, चांदी के लक्ष्मी गणेश और डॉलर की विशेष डिमांड रही। इटेलियन डिजायन की सोने की चेन भी ग्राहकों को खूब भाई। हालांकि गोल्ड के साथ डायमंड और हॉलमार्क ज्वलेरी की डिमांड रहीं। खास कर प्योर चांदी के सिक्कों के साथ चांदी और सोने की ब्रांडेड मूर्तियों की खरीदारी की।
ग्राहकों ने जमकर खरीदी एलईडी और वॉशिंग मशीन
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में वैसे तो विशेष ऑफर कई आइटमों पर दिया गया था। मगर धनतेरस पर लोगों ने एलईडी और वॉशिंग मशीन की जमकर खरीदारी की। शोरूमों पर ग्राहकों को लुभाने के लिए बड़े स्क्रीन के एलसीडी रखे गए। प्रोडक्ट से संबंधित जानकारी देने के लिए कर्मचारी भी लगाए गए। कारोबारी अफरोज जिलानी ने बताया कि शहर के करीब 20 शोरूमों समेत अन्य दुकानों पर लोगों ने होम थियेटर, वॉटर प्यूरीफायर, फ्रिज आदि सामान की जमकर खरीदारी की।
100 सीसी की बाइकों की जमकर हुई बिक्री
आटोमोबाइल्स बाजार में भी सुबह से लेकर रात तक चहलपहल रही। लोगों ने अपनी पसंदीदा बाइक और स्कूटी खरीदी। एडवांस बुकिंग कराने वाले ग्राहकों पर छूट भी दी गई। इसके अलावा इस बार 100 सीसी की बाइकों की खूब बिक्री हुई। कारोबारी राम अग्रवाल ने बताया कि माइलेज को लेकर ग्राहकों ने 100 सीसी की बाइकों की खूब खरीदारी की। जिले में एक हजार से अधिक बाइकों की बिक्री हुई है।
000
सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री शैली अग्रवाल के मुताबिक बाजार में सबसे ज्यादा चांदी के बर्तनों की बिक्री हुई है। एक अनुमान के मुताबिक इस बार जिले भर में 12 करोड़ से अधिक का कारोबार होने की संभावना है।
इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी अफरोज जिलानी ने बताया कि इस बार बाजार ठीक रहा है। पिछले साल के मुकाबले ग्राहकों में बढ़ोतरी है। इस बार जिले भर में करीब 25 करोड़ से ऊपर का कारोबार होने की उम्मीद है।
ऑटोमोबाइल्स कारोबारी राम अग्रवाल ने बताया कि ऑटो मार्केट का कारोबार पिछले पिछले साल से ठीक रहा। जिले में करीब नौ करोड़ के आस पास कारोबार होने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा 100 सीसी की गाड़ियों की डिमांड रही।
बर्तन कारोबारी अतुल महातिया ने बताया कि धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परपंरा काफी पुरानी है। इस बार कारोबार पिछले साल की अपेक्षा बेहतर रहने की उम्मीद है। करीब सात करोड़ के आस पास कारोबार होने की उम्मीद है।
फोर्स के सुरक्षा घेरे में रहा बाजार
शहर के मुख्य बाजार के चारों ओर बैरियर लगाकर पुलिस की तैनाती की गई है। दोपहर से ही नो-एंट्री का शुरू कर दी गई है। दिनभर टुकड़ियों में पुलिस बाजार में गश्त करती रही। देर रात एसपी दिनेश कुमार पी ने धनतेरस को लेकर बाजार में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें