पीलीभीत। जिले व मंडल में फुटबॉल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन जूनियर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर पहले मंडलीय और फिर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। अब यह खिलाड़ी अगले साल 31 मार्च से मऊ में आयोजित होने वाली एक सप्ताह की प्रदेश स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में पीलीभीत का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल है।
पीलीभीत जिले से तीन जूनियर वर्ग खिलाड़ी सिद्धार्थ गेहर, ऋतिक गंगवार, प्रिंस शर्मा का चयन प्रदेश स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इन खिलाड़ियों का चयन बीते सप्ताह गांधी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय ट्रायल के आधार पर किया गया था। ट्रायल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंडलीय स्तर के लिए चुना गया।
मंडलीय स्तर पर भी शानदार ट्रायल प्रतियोगिता के बाद तीनों खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया। 31 मार्च से मऊ जिले में शुरू होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता एक सप्ताह तक चलेगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में पीलीभीत के ये खिलाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार गौड़ का कहना है कि खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन करेंगे। संवाद