पीलीभीत। शहर के कई इलाकों में हाई-लो वोल्टेज और बिजली फॉल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कहीं अचानक वोल्टेज बढ़ने से लोगों में बिजली के उपकरण खराब होने की चिंता बनी रही, तो कई मोहल्लों में फॉल्ट के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों की रात मुश्किलों में गुजरी।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बृहस्पतिवार देर शाम से ही बिजली आपूर्ति प्रभावित होने लगी। कई स्थानों पर हाई-लो वोल्टेज की शिकायतें सामने आईं, जिससे लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने टीवी, फ्रिज, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद कर दिए। वहीं कई इलाकों में लाइन में फॉल्ट आने से बिजली गुल हो गई। रात में बिजली न मिलने से लोगों को गर्मी और मच्छरों के बीच काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों को फोन कर शिकायत दर्ज कराई।
लोगों ने विभाग से जर्जर लाइनों और उपकरणों की समय रहते मरम्मत कराने तथा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि कुछ तकनीकी समस्याओं के चलते दिक्कतें आई थी। सूचना के बाद टीम को भेजकर फॉल्ट को ठीक करा दिया गया। संवाद