शाहजहांपुर जाना हो और ट्रेन छूट जाए तो फिर जाने का इरादा ही बदलना पड़ता है या फिर अगली ट्रेन का इंतजार। परिवहन विभाग की ओर से बसों की कोई सुविधा नहीं है। जबकि बीसलपुर होकर सात बसें अन्य रूटों पर जाती हैं, लेकिन बीसलपुर से 45 किलोमीटर दूर शाहजहांपुर के लिए कोई बस नहीं है। इसके पीछे रोडवेज के अफसर इनकम न होने का तर्क देते हैं।
यहां से शाहजहांपुर की दूरी 85 किलोमीटर है। इसे तय करने के लिए ट्रेनें ही एकमात्र सहारा हैं। पीलीभीत से आखिरी ट्रेन शाम 5:50 बजे और शाहजहांपुर से शाम 7.05 बजे है। इसके बाद न तो पीलीभीत से शाहजहांपुर जा सकते हैं और न वहां से यहां आ सकते हैं। रोडवेज के अधिकारी शाहजहांपुर के लिए डग्गामार वाहनों की बहुतायत से इनकम न होने की बात कहते हैं। हालांकि हकीकत इसके विपरीत है। पीलीभीत से शाहजहांपुर के लिए न तो कोई प्राइवेट बस है और न ही कोई डग्गामार वाहन। ऐसे में ट्रेन छूट जाने पर आने-जाने के लिए परिवहन विभाग ने शाहजहांपुर तक के लिए रोडवेज बस की कोई सुविधा नहीं दी है। रोडवेज के एक परिचालक ने बताया कि 50 प्रतिशत से कम आय होने पर परिचालक के वेतन से कटौती की जाती है। इसलिए परिचालक ऐसे रूटों पर जाने से डरते हैं।
ट्रेनों के समय पर एक नजर
पीलीभीत से शाहजहांपुर के लिए ट्रेन
ट्रेन नंबर समय
52297 05.00
52231 07.20
52230 10.30
52233 14.10
15317 15.35
52235 17.50
शाहजहांपुर से पीलीभीत के लिए
52229 06.30
52298 08.05
52232 11.05
52234 13.35
52236 17.30
15318 19.05
शाहजहापुर रोड पर डग्गामार वाहनों की भरमार है। चार बार बसों का संचालन करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सवारियां रोडवेज बसों पर बैठना पसंद ही नहीं करतीं।-एसके वर्मा, एआरएम पीलीभीत