पूरनपुर। नगर पालिका की सात दुकानों की नीलामी 2.10 करोड़ रुपये में हुई। नीलामी प्रक्रिया में 78 लोगों ने बोली लगाई।
नगर पालिका की ओर से पशु चिकित्सालय के पास आठ दुकानें बनवाई गई हैं। इनमें चार भूतल और चार दुकानों का उनके ऊपर निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा पकड़िया चौराहा के समीप छह दुकानों में तीन भूतल और तीन उनके ऊपर बनी हैं। भूतल पर बनी दुकानों को नगर पालिका सभागार में बुधवार को बगैर प्रीमियम वापसी के खुली बोली में दुकानें नीलाम की गईं।
नीलामी में भाग लेने वाले बोली दाताओं से 50-50 हजार रुपये जमा कराए गए। सात दुकानोंं की नीलामी में 78 लोगों ने भाग लिया।
नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता, नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित, नगर पालिका ईओ लालचंद भारती की मौजूदगी में बोली लगी। पकड़िया चौराहा के समीप दुकान नंबर एक के लिए सबसे अधिक 38 लाख बोली लगी। दूसरी दुकान 29.60 लाख, तीसरी 26 लाख में आवंटित की गई।
पशु चिकित्सालय के समीप दुकानों में दुकान नंबर एक 31 लाख, दो 26.50 लाख, तीन 30.50 लाख और चार नंबर 28.50 लाख रुपये में नीलाम हुई। नीलाम के दौरान व्यापारी नेता हर्ष गुप्ता, प्रांतीय व्यापारी नेता विजयपाल विक्की, भाजपा नगराध्यक्ष हर्ष प्रधान, नगर पालिका सदस्य मौजूद रहे।
नीलाम में दुकान लेने वालों को आधी धनराशि बृहस्पतिवार और आधी धनराशि दुकान नीलाम स्वीकृत होने पर जमा करनी होगी। नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि पशु चिकित्सालय के समीप और पकड़िया चौराहा के समीप दूसरी मंजिल पर बनी दुकानों को आवंटन पर लेने को कुछ लोगों ने नीलामी में भाग लेने को 50-50 हजार रुपये जमा किए है।