पीलीभीत। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को लेकर आई आपत्तियों की जांच शुरू करा दी गई है। जिले में बनाए गए 68 प्रस्तावित केंद्रों के संबंध में करीब 45 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इन आपत्तियों के निस्तारण के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है।
पिछले दिनों माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के केंद्रों की सूची जारी की गई थी। इसके बाद संशोधन के लिए आपत्ति मांगी गई थीं। इसपर विभाग की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया। विभाग की ओर से संबंधित एसडीएम के माध्यम से आपत्तियों की जांच कराई जा रही है। इसके लिए अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान आपत्तियों में उठाए गए बिंदुओं और परीक्षा केंद्रों से संबंधित व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग की ओर से आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। डीआईओएस विजय सिंह का कहना है कि विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आपत्तियों का निस्तारण कर परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप दिया जा सके, ताकि बोर्ड परीक्षा की तैयारियां समय से पूरी हो सकें।