पीलीभीत। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परिषद के निर्देशों के क्रम में केंद्र निर्धारण का विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए सभी प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल और इंटर के करीब 198 विद्यालय हैं। जारी निर्देश के अनुसार विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनने के लिए उपलब्ध भौतिक संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियों को परिषद की वेबसाइट पर 20 जुलाई तक अपलोड करना होगा। इसके बाद तहसील स्तरीय समिति 3 अगस्त तक विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेगी, जबकि जिला स्तरीय समिति 10 अगस्त तक सत्यापन के आधार पर सूचनाओं का अनुमोदन करेगी। परिषद की वेबसाइट पर विद्यालयों की सूची और प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का विवरण 17 अगस्त तक अपलोड किया जाएगा। इसके बाद 18 अगस्त को सूची जिला विद्यालय निरीक्षक के पोर्टल पर प्रदर्शित होगी।
ऑनलाइन चयनित केंद्रों की सूची 22 अगस्त को सार्वजनिक की जाएगी, जिस पर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और अन्य संबंधित पक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों के निस्तारण के बाद संशोधित सूची एक सितंबर तक तैयार की जाएगी और अंतिम रूप से परीक्षा केंद्रों की सूची सात सितंबर को वेबसाइट पर अपलोड होगी। यदि किसी विद्यालय को निर्धारित मानकों से अधिक केंद्र आवंटित होने या अन्य किसी बिंदु पर आपत्ति होगी तो वह 14 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेगा। परिषद स्तर पर इन आपत्तियों का निस्तारण कर 18 सितंबर तक परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों से निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करते हुए समय पर ऑनलाइन सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। संवाद