संस्कृत बोर्ड हाईस्कूल (पूर्व मध्यमा) व इंटर (उत्तर मध्यमा-दो) का 93-93 प्रतिशत रहा रिजल्ट
पीलीभीत। संस्कृत बोर्ड की परीक्षा में शहर के श्री दुग्धेश्वर संस्कृत माध्यमिक एवं महाविद्यालय के छात्र गौरव कुमार ने 76.67 प्रतिशत अंक के साथ जिला टॉप किया है। चाय-समोसा की दुकान से आजीविका चलाने वाले गौरव ने दुकान संभालने के साथ मेहनत व लगन से पढ़ाई कर मुकाम हासिल किया है। काॅलेज का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। जिले के अन्य संस्कृत विद्यालयों के बच्चों ने भी बेहतर अंक हासिल किए हैं।
जिले में संस्कृत बोर्ड के सात विद्यालय हैं। इनमें शहर का श्री दुग्धेश्वर संस्कृत माध्यमिक एवं महाविद्यालय, मनोकामना स्कूल जहानाबाद, ललित संस्कृत विद्यालय बीसलपुर, बकैनिया स्कूल कनाकोर, सिंधौरा खड़गपुर आदि शामिल हैं। शुक्रवार की शाम यूपी संस्कृत बोर्ड का हाईस्कूल (पूर्व मध्यमा) और इंटर (उत्तर मध्यमा- एक व दो) का परिणाम घोषित किया गया। शहर के श्री दुग्धेश्वर विद्यालय के इंटर के दोनों छात्र गौरव व मुस्कान उत्तीर्ण हुए। गौरव ने 76.67 प्रतिशत अंक हासिल किए। हाईस्कूल (पूर्व मध्यमा) की छात्रा वन देवी ने 64 प्रतिशत अंक हासिल किए।
परिवार के पालन-पोषण के साथ मेहनत व लगन से किया जिला टॉप
संस्कृत बोर्ड के इंटर के जिला टाॅपर गौरव कुमार के पिता कुछ वर्ष पहले हो गई थी। परिवार के भरण-पोषण का भार गौरव कुमार पर आ गया। गौरव ने चाय-समोसा की दुकान खोल ली और काम शुरू किया। गौरव दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े हैं। आर्य समाज मंदिर के पास घर होने के कारण रामायण महाभारत आदि ग्रंथों की कथाएं सुनकर संस्कृत से लगाव हुआ। श्री दुग्धेश्वर संस्कृत माध्यमिक विद्यालय पीलीभीत में कक्षा नौवीं में प्रवेश लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. तोहत्तर पाल गंगवार ने बताया कि गौरव ने कक्षा 10 व 11 में भी जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रबंधक डॉ. अमित कुमार सक्सेना, अध्यक्ष मुरली मनोहर अग्रवाल एडवोकेट ने गौरव को शुभकामनाएं दी हैं।
हाईस्कूल और इंटर का 93-93 प्रतिशत रहा रिजल्ट
जिले के सभी सात संस्कृत विद्यालयों में हाईस्कूल (पूर्व मध्यमा) में पंजीकृत 135 में से 121 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इसमें 113 छात्र उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल का परिणाम 93 प्रतिशत रहा। वहीं (उत्तर मध्यमा-दो) में जिले में 67 विद्यार्थी पंजीकृत थे। 61 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। शुक्रवार को जारी परिणाम में 57 छात्र उत्तीर्ण हुए। इंटर का रिजल्ट भी 93 प्रतिशत रहा है। संवाद