शहर की बेपटरी सफाई व्यवस्था शहरवासियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। शहरवासियों को रोजाना दोपहर सड़कों के किनारे बने अस्थायी डलावघरों पर पड़े कूड़े के बीच से ही होकर गुजरना पड़ रहा है। कमोवेश यही हाल अधिकांश मोहल्लों का भी है। इन मोहल्लों की सड़कों पर भी कई-कई दिन कूड़ा सड़ता रहता है। अमर उजाला ने शहर के स्टेडियम रोड का हाल जानने का प्रयास किया तो तस्वीर कुछ यूं नजर आई।
सीन 1 :
सुनगढ़ी थाने के पास कूड़े से ही लगता है जाम
27 पीबीटीपी 1
सुनगढ़ी थाने की ओर से स्टेडियम रोड की शुरुआत में ही सड़क किनारे अस्थायी डलावघर बना हुआ है। यहां आसपास मोहल्ले का कूड़ा तो सुबह होते इकट्ठा कर दिया जाता है, लेकिन इस कूड़े को उठाने का कोई निश्चित समय नहीं है। इसी वजह से यहां रोजाना जाम भी लगता है।
सीन 2:
यहां अस्पतालों की मेहरबानी से पड़ता है कूड़ा
27 पीबीटीपी 2
शहर के स्टेडियम रोड पर कई नामचीन अस्पताल हैं। इसी मार्ग से ज्यादातर स्कूली बच्चों को आना-जाना होता है। गौहनिया चौराहे की ओर से घुसने पर कुछ कदम दूरी पर अस्पतालों का कचरा रोजाना ही पड़ता है। इससे उठने वाली दुर्गंध हर शहरवासी के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। यहां भी समय से कूड़ा नहीं उठता। नतीजतन दोपहर बाद करीब एक घंटे रोज इस मार्ग पर जाम लगता है।
सीन :
कूड़े के बीच से गुजरते हैं राहगीर व दुकानदार
27 पीबीटीपी 3
स्टेडियम रोड के बीचों बीच भी एक अस्थायी डलावघर है। यहां सफाईकर्मी सुबह कूड़े का ढेर तो लगा देते हैं, लेकिन कुछ समय बाद यह कूड़ा आधी सड़क तक फैल जाता है। राहगीरों के अलावा आसपास के दुकानदारों को इस कूड़े के ढेर के बीच से गुजरना पड़ता है।
वर्जन:
कोताही बरती तो होगी कार्रवाई
सफाई कर्मियों को सुबह आठ बजे से कूड़ा उठाने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर देरी से कूड़ा उठाने की जानकारी मिली है। यदि इस मामले में ढिलाई बरती गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- प्रभात जायसवाल, नगरपालिका चेयरमैन