तीन साल तक शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने के आरोपी युवक के दूसरी जगह शादी रचाने का पता लगते ही परिवार वालों ने पुलिस से शिकायत कर दी। पहले तो पुलिस के सामने आरोपी खुद को सही बताता रहा। बाद में कानूनी शिकंजा कसता देख गलती स्वीकार ली। इसके बाद गोमती उद्गम स्थल पर ही दोनों की शादी कराई गई। घटना पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी किसान ने शनिवार को पुलिस को तहरीर दी कि गांव का ही एक युवक उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर तीन साल से यौन शोषण कर रहा है। इसके बाद गुपचुप तरीके से अपनी दूसरी जगह शादी तय कर ली। शनिवार को उसकी रोक की रस्म अदा किए जाने की शिकायत करते हुए पिता ने कार्रवाई की मांग की। जिस पर थाने के एचसीपी महिपाल सिंह आरोपी को पकड़कर थाने ले आए। पहले तो युवक खुद को निर्दोष बताकर पुलिस को गुमराह करने में लगा रहा। पर युवती के सामने आने पर उसके होश उड़ गए। गांव के सभ्रांत लोग भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद खुद पर कानूनी शिकंजा कसता देख युवक ने शादी की हामी भर दी। दोनों परिवार वालों ने भी इसको मंजूरी दे दी। इसके बाद तुरंत ही दोनों पक्ष गोमती उद्गम स्थल पर पहुंच गए। जहां पंडित को बुलाकर दोनों की शादी करवा दी गई।