जिला, ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए गए कार्यक्रम
पीलीभीत। प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी किए जाने का सीधा प्रसारण शनिवार को जिले में देखा गया। पीएम किसान उत्सव दिवस के तहत जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिले के सात ब्लॉकों में 720 ग्राम पंचायतें हैं। शनिवार को जारी हुई किस्त में करीब 2.80 लाख किसानों के खातों में धनराशि भेजी गई है। वहीं ब्लॉक स्तर पर करीब 756 किसानों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। ग्राम पंचायतों में भी बड़ी संख्या में किसान प्रसारण से जुड़े। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम शहर मरौरी ब्लॉक सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका और जिला कृषि अधिकारी मौजूद रहे। ललौरीखेड़ा में पोथीराम गंगवार, अमरिया में मिन्नू मियां, बरखेड़ा में प्यारेलाल, बीसलपुर में कांता प्रसाद, बिलसंडा में बृजनंदन और पूरनपुर में विधायक प्रतिनिधि प्रेमराज वर्मा उपस्थित रहे। संवाद