पूरनपुर। मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी सागर की लापता होने की रात ही सिर और मुंह कुचलकर हत्या कर दी गई थी।
सिर और मुंह पर चोटों और कई दिन पुराना शव होने का खुलासा मंगलवार को उसकी पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में हुआ है। महत्वपूर्ण सुराग के साथ घटना की सीसीटीवी कैमरों की वीडियो भी पुलिस के हाथ लग गई है।
मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी सागर (20) 27 दिसंबर की रात 11:30 बजे अपने साथी बुलंदशहर के मचकोली पोस्ट जालखेड़ा हाल पता मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी रजत के साथ घूमने निकला था।
रजत, सागर और तीन अन्य दोस्तों ने सागर के घर के समीप खाली पड़े प्लाट में दारू पार्टी की। बाद में स्टेशन चौराहा पुलिस चौकी के समीप तक सागर और रजत को कुछ लोगों ने साथ-साथ देखा था।
इसके बाद सागर लापता हो गया। मां रेनू सिंह ने पुत्र के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। रजत पर पुत्र को गायब करने और अनहोनी की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने रजत को पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
31 दिसंबर को सागर की गुमशुदगी दर्ज की गई। रविवार को सागर का शव नगर के पकड़िया चौराहा के समीप नाले में बरामद हुआ।
पुलिस ने उसके पिता बृजेश सिंह की तहरीर पर रजत और अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमाॅर्टम कराया।
कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि सागर की हत्या सिर और मुंह पर चोट से हुई है। इसका खुलासा पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में हुआ है। घटना में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।