यातायात माह नवंबर की शुरूआत पर वाहन चालक को हेलमेट बांटते डीएम-एसपी।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। यातायात माह नवंबर का रविवार को शुभारंभ हो गया। डीएम पुलकित खरे और एसपी जयप्रकाश ने सुबह साढ़े 11 बजे गांधी प्रेक्षागृह में यातायात जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वाहन चालकों से यातायात नियम पालन करने की अपील की गई। कुछ बाइक सवारों को अधिकारियों ने हेलमेट बांटे और सुरक्षित सफर के लिए इसका इस्तेमाल करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली।
डीएम ने एआरटीओ अमिताभ रॉय को ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाने, नशे में और तेज स्पीड से वाहन चलाने वालों पर सख्ती करने के निर्देश दिए। बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग को लेकर भी कार्रवाई करने के साथ जागरूकता पर जोर दिया।
एसपी ने कहा कि हर साल सैकड़ों लोग हादसों में जान गंवा देते हैं। हादसे में सिर्फ एक व्यक्ति की जान नहीं जाती, बल्कि पूरा परिवार बिखर जाता है। अभिभावकों से अपील की गई कि बच्चे को वाहन देते समय नियम पालन को जागरूक करते रहें। इस मौके पर सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अतुल सिंह, एडीएम न्यायिक देवेंद्र प्रताप मिश्र, एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी आदि मौजूद थे।
यातायात माह नवंबर की शुरूआत पर निकाली गई जागरूकता रैली।- फोटो : PILIBHIT