पीलीभीत। पति की दीर्घायु के लिए सुहागिनें बुधवार को करवाचौथ का व्रत रखेंगी, इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है, जिससे बाजार में चहलपहल भी बढ़ गई है। बड़ी संख्या में महिलाएं कपड़ों, जेवर और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारी के लिए पहुंच रही हैं। मेहंदी लगाने के लिए ब्यूटी पार्लर की बुकिंग भी लगभग पूरी हो चुकी हैं।
त्योहारी सीजन के चलते बाजार गुलजार हो गया है। खासतौर पर करवा चौथ की खरीदारी करने के लिए महिलाओं की भीड़ पहुंच रही है। रविवार को भी शहर के स्टेशन रोड, छिपियान मस्जिद चौराहा, चूड़ी वाली गली, नींबू बाजार और साड़ी की खरीदारी के लिए जेपी रोड पर महिलाओं की भीड़ उमड़ी। बाजार मेें आई नए लुक की साड़ियां महिलाओं को पसंद आ रही हैं। प्लेन सूट, प्रिंटेड सूट, कढ़ाई वाली साड़ी, सूट, सितारा साड़ी, सहित कई डिजाइन की साड़ियां और सूट बाजार में उपलब्ध है। करवा चौथ के लिए स्पेशल जयपुरिया साड़ी की भी मांग है। इसके अलावा सराफा बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। साड़ी विक्रेता माधव गुप्ता ने बताया कि कोरोना की वजह से व्यापार ठप पड़ा था, लेकिन करवा चौथ के त्योहार से बाजार में रौनक आ गई है। इसके अलावा सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। चूड़ी, बिंदी, डिजाइनर कंगन, नेल पालिश, आदि सामान की बिक्री तेजी से बढ़ गई है।
ब्यूटी पार्लर में हो रही एडवांस बुकिंग
करवा चौथ को लेकर ब्यूटी पार्लर में एडवांस बुकिंग चल रही है। शहर में ब्यूटी पार्लर संचालिका बबिता ने बताया कि करवा चौथ के त्योहार को लेकर कई महिलाओं ने मेकअप के लिए एडवांस बुकिंग कराई है। इसके अलावा मेहंदी को लेकर भी बाजार में कई स्थानों पर स्टाल नजर आ रहे हैं।
पूजन सामग्री को लेकर भी सजी सड़कों पर दुकानें
करवा चौथ को लेकर स्टेशन रोड के सड़क किनारे पूजन सामग्री की दुकानें सज गई है। बाजार में करवा, दीया, सीक, परमल, बतखे और पूजा कैलेंडर की बिक्री भी हो रही है।
क्या कहती है महिलाएं
करवा चौथ का इंतजार साल भर रहता है। ऐसे में इसकी तैयारी भी हफ्ता भर पहले शुरू हो जाती है। इस बार खुद को और परिवार को कोरोना से बचाते हुए त्योहार मनाना है। भगवान भोलेनाथ और पार्वती से कोरोना से निजात के लिए प्रार्थना करुंगी। - पूजा राठौर
सुहागिनों के लिए करवा चौथ विशेष पर्व है। ऐसे में महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आना स्वाभाविक है। करवा चौथ के लिए साड़ी के साथ ही शृंगार के सामानों की खरीदारी कर ली है। - रोशनी वर्मा
कोरोना के कारण इस बार करवाचौथ पर सामूहिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं होना है। सुहागिनों को अखंड सौभाग्य प्रदान करने वाले करवा चौथ का व्रत घर में ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। - रागिनी
एक शोरुम पर साड़ी की खरीदारी करते ग्राहक।- फोटो : PILIBHIT
चूड़ी की खरीदारी करती महिलाएं।- फोटो : PILIBHIT