रालोद कार्यकर्ता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला पूर्ति कार्यालय के सामने धरना देकर सभा की। सभा में मुन्ना सिंह ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार कृषकों की हितैषी होने की बात करती हैं लेकिन अभी तक उनको फसल नुकसान का मुआवजा तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकारें पूंजीपति और उद्योगपतियों से मिलकर किसानों का शोषण करने में जुटी हैं।
सभा को प्रदेश महासचिव मंजीत सिंह, राष्ट्रीय सचिव शिवकरन सिंह, जिलाध्यक्ष आरिफ हजरत खां, पूर्व जिलाध्यक्ष असद खां ने ने भी संबोधित किया। सभा के दौरान प्रभारी डीएम/एडीएम अजय कांत सैनी, सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा, एएसपी सुधीर कुमार सिंह, सीओ ब्रजवीर सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और रालोद नेताओं से वार्ता की।
पदाधिकारियों ने उन्हें पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें 18 हजार रुपये प्रति हेक्टेअर का मुआवजा देने, फसल बीमा का लाभ तुरंत देने, देवी आपदा के अनुसार प्रदेश और केंद्र सरकार को बराबर बराबर मुआवजा देने और छह माह का कर्जा और बिजली का बिल माफ करने की मांग की गई है।
धरने में सराफल अली, जगीर सिंह भुल्लर, तोताराम, हरप्रीत सिंह, खरगई लाल, हरीराम शर्मा, कलीम खां, राजूपाल, फारूक, बिकर सिंह सहित कई कार्यकर्ता थे।