संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का लाभ पुराने पेंशनरों को देने समेत 12 सूत्री मांगों को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया। संगठन की जिला शाखा की ओर से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम के माध्यम से भेजा गया। संगठन ने मांगों के जल्द निस्तारण की मांग की है।
कलेक्ट्रेट में मंगलवार को भारी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्र हुए। उन्होनें वित्त विधेयक 2025 में पेंशनरों पर लगाए गए कर संबंधी प्रावधान को हटाने, पुराने पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग की सीमा में शामिल करने और वेतन आयोग की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की गई। इसके अलावा कर्मचारियों, शिक्षकों व पेंशनरों के लिए अलग सीपीएफ, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, पेंशन राशिकरण की कटौती 10 वर्ष में समाप्त करने और 85 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक पांच वर्ष में पांच प्रतिशत पेंशन बढ़ाने की मांग उठाई गई। संगठन ने पेंशन को आयकर से मुक्त करने, कोविड काल के 18 माह के डीए/डीआर एरियर का भुगतान, वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में 50 प्रतिशत छूट, आयुष्मान योजना में कैशलेस उपचार की सीमा 10 लाख रुपये करने और वरिष्ठ नागरिक आयोग के गठन की भी मांग की। ज्ञापन देने वालों में हशमुद्दीन खां, कप्तान सिंह, अवनीश सक्सेना, ओमप्रकाश, हरदेव शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा सहित अन्य पेशनर्स मौजूद रहे।