पूरनपुर। बजरंग दल के जिलाध्यक्ष को होटल संचालक को मोबाइल पर गाली-गलौज कर धमकाना और केश पर टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने गुरनाम सिंह की ओर से आरोपी संजय मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार को गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान रणजीत सिंह, पूर्व प्रधान बलजीत सिंह खैहरा के नेतृत्व में सिख समाज के कई लोगों ने कोतवाली पहुंचकर बजरंग दल के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा पर केश पर टिप्पणी कर बेअदबी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी। प्रतिनिधि मंडल के साथ पहुंचे घुंघचाई थाना के गांव खानपुर चुकटिहाई निवासी गुरनाम सिंह ने पुलिस को दिए शिकायतीपत्र में कहा कि शुक्रवार रात सवा 11 बजे उसके पुत्र के मोबाइल फोन पर बजरंग दल के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा की कॉल आई।
उन्होंने खाना कोतवाली रोड स्थित एक होटल में भिजवाने के लिए कहा। असमर्थता व्यक्त करने पर हिंदूवादी संगठन नेता ने अपने साथी के साथ मोबाइल फोन पर उसके पुत्र गालियां देने के साथ धमकी दी। केश को लेकर अभद्र टिप्पणी की। गुरनाम सिंह ने कॉल रिकार्डिंग की पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपी थी। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर पर संजय मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
-
आरोपियों के गिरफ्तार न होने से सिख समाज में रोष, बैठक आज
पूरनपुर। केश पर टिप्पणी के मामले में आरोपियों के गिरफ्तार न होने से सिख समाज में रोष है। सिख संगत की बैठक में पुलिस कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाए गए। मामले में सोमवार को भी एक बैठक बुलाई गई है।
रविवार को हुई संगत की बैठक में कहा कि तहरीर देने के बाद पुलिस ने दूसरे दिन भी बजरंग दल के जिलाध्यक्ष और उसके साथी की गिरफ्तारी नहीं की। यह पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के दायरे में है। बैठक में गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान रणजीत सिंह, पूर्व प्रधान बलजीत सिंह खैहरा, अजमेर सिंह छीना, गुरप्रीत सिंह, स्वराज सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, कुलविंदर सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद