बीसलपुर। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को देर शाम चेयरमैन और उनके दो पुत्रों के विरुद्ध धोखाधड़ी ,गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी रामपाल ने बताया कि नगर पालिका के चेयरमैन नूर अहमद अंसारी ने नगरपालिका का तालाब पट्टे पर देने के नाम पर 12 अप्रैल 2022 को उनसे 40000 रुपये हड़प लिए और तालाब के पट्टे के फर्जी अभिलेख बनाकर उन्हें दे दिए। शक होने पर जब उन्होंने पट्टे संबंधी कागजों की जांच कराई तो कागज फर्जी निकले। पट्टे संबंधी अभिलेख फर्जी निकलने पर जब उन्होंने चेयरमैन से पैसे मांगे तो उन्होंने और उनके दो पुत्रों ने उन्हें गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले की जांच प्रशासनिक स्तर पर भी चल रही है।
रामपाल ने कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तभी रामपाल ने पीलीभीत जाकर एसपी दिनेश कुमार पी को इस संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। कोतवाली के एसएसआई नीरज कुमार ने बताया एसपी के निर्देश पर धोखाधड़ी करने ,गाली गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में मोहल्ला ग्यास पुर निवासी नगर पालिका के चेयरमैन नूर अहमद अंसारी को नामजद किया गया है और उनके दो पुत्रों को अज्ञात बताया गया है। इस संबंध में जब नगर पालिका चेयरमैन का पक्ष लेने का प्रयास किया गया तो उनका तो उन से फोन से वार्ता नहीं हो पाई।
विधिक राय के बाद होगी प्रशासनिक कार्रवाई
सिटी मजिस्ट्रेट अपनी जांच में चेयरमैन, ईओ और दो कर्मचारियों पर कार्रवाई की संस्तुति कर चुके हैं। अब प्रशासन ने इसमें विधिक राय मांगी है। उसके बाद प्रशासन स्तर पर कार्रवाई होगी। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि विधिक राय मांगी है। उसके बाद शासन में कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।