पीलीभीत। शहर की नींबू वाली गली में बृहस्पतिवार रात फल विक्रेता से मारपीट के मामले में पुलिस ने चार नामजद और चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला देशनगर निवासी राजू ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मोहल्ला गोपाल सिंह में नींबू वाली गली के पास फल का ठेला लगता हैं। बृहस्पतिवार शाम साढ़े सात बजे मोहल्ला सराय खां निवासी रिजवान और इरशाद उसके ठेले पर फल खरीदने के लिए आए।
आरोप है कि फल के दाम को लेकर दोनों लोग उसके साथ गालीगलौज करने लगे। विरोध पर मारपीट करने लगे। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद आरोपी युवकों के अन्य साथियों उस्मान,नईम व चार- पांच अज्ञात लोग लाठी डंडे व तमंचे लेकर आ गए।
आरोप है कि जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया जो मिस हो गया। भीड़ बढ़ने पर आरोपी तमंचा लहराते हुए धमकी देकर मौके से भाग गए। झगड़े में उसके पुत्र के भी चोट आई। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद व चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।