पीलीभीत। जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि, कृषि शिक्षा व अनुसंधान मंत्री बलदेव सिंह औलख ने शुक्रवार की शाम गांधी सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों का मौके पर ही पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से लाभांवित करने के निर्देश दिए। इधर, प्रभारी मंत्री ने बताया कि वह 14 जून को पीलीभीत में रहकर जिले के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे। जिम्मेदारों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
समीक्षा बैठक में बलदेव सिंह औलख ने ब्लॉक स्तर पर आयोजित मेलों में विभागों को स्टाल लगाकर जनसामान्य को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से एक-एक पौधा जरूर लगाने पर जोर दिया। चौपाल कार्यक्रमों के लिए प्रत्येक ब्लॉक में ग्रामों का चयन करें। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार करें, जिससे चौपाल के दौरान उनका सत्यापन किया जा सके। इससे पहले बलदेव सिंह औलख पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन पहुंचे और उन्होंने कोर कमेटी की बैठक की। इसके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और अन्य पदाधिकारियों से जिले में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।
बैठक में जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव आदि अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं
प्रभारी मंत्री ने ललौरीखेड़ा क्षेत्र के मीरापुर गोशाला के निरीक्षण के दौरान निराश्रित गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा, पीन योग्य पानी व साफ सफाई व्यवस्था देखी। गोशाला परिसर में पौधरोपण किया। जनपद वासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संवाद