पूरनपुर। शौच को घर के बाहर बने शौचालय जाते समय किशोरी को शोहदा मुंह दबाकर नजदीक के गेहूं के खेत में खींच ले गया। वहां डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। शोर सुनकर किशोरी के चाचा ने शोहदे को पकड़ लिया, लेकिन शोहदा उनका हाथ छुड़ाकर धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस ने किशोरी के पिता से मिली तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक ग्रामीण ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री बुधवार रात 11 बजे घर के बाहर बने शौचालय में जा रही थी। गांव बंजरिया निवासी मनोज ने किशोरी को पकड़ लिया। उनका आरोप है कि शोहदे ने किशोरी का मुंह दबा लिया और फिर उसे नजदीक के गन्ने के खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर किशोरी के परिवार वाले मौके पर आ गए। किशोरी के चाचा ने शोहदे को पकड़ भी लिया, लेकिन किसी तरह हाथ छुटाकर वह धमकी देते हुए भाग गया। बृहस्पतिवार देर शाम मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि आरोपी मनोज के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।