विद्यालयों में होंगे रोचक कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को जोड़ा जाएगा गतिविधियों से
पीलीभीत। रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर जिले के परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 25 अगस्त को विशेष आयोजन किए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने सभी विद्यालयों में रक्षाबंधन से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। शासन के निर्देश के अनुसार 28 अगस्त को रक्षाबंधन का सार्वजनिक अवकाश रहेगा, इसलिए विद्यालयों में इससे पूर्व 25 अगस्त को ही कार्यक्रम कराया जाएगा।
बीएसए की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि विद्यालयों में बच्चों की ओर से बनाई गई राखियों के माध्यम से रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए। इस दौरान सभी बच्चों को रोचक गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि उनमें कौशल क्षमता विकसित हो सके।
कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय में बच्चों के लिए खुशी का माहौल बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आयोजित गतिविधियों की अच्छी फोटो भी खींचकर निर्धारित तिथि पर विद्यालयों के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा गया है। बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज अध्यापकों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। संवाद